छत्तीसगढ़ गठन की रजत जयंती पर जनमन आवासों में खुशियों का गृहप्रवेश, ग्राम पंचायत चुईया में 9 पहाड़ी कोरवाओं को मिला पक्का घर
कोरबा :- छत्तीसगढ़ राज्य के गठन की रजत जयंती वर्ष के शुभ अवसर पर जिले के ग्राम पंचायत चुईया (जनपद पंचायत कोरबा) में जनजातीय समाज के बीच खुशियों का माहौल देखने को मिला। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी जनमन आवास योजना के तहत 9 पहाड़ी कोरवा परिवारों को उनके नव निर्मित आवासों में गृहप्रवेश कराया गया।
गृहप्रवेश कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की उपस्थिति में परंपरागत तरीके से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद हितग्राहियों को श्रीफल, गमछा, उपहार और मिष्ठान खिलाकर मुंह मीठा कराया गया, जिससे कार्यक्रम का वातावरण उत्सवमय हो उठा। इस अवसर पर ग्राम पंचायत की सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, सक्रिय महिलाएं, आवास मित्र और ग्रामीण जन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
जनपद पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी खगेश कुमार निर्मलकर ने बताया कि “जनमन योजना सरकार की उन प्रमुख योजनाओं में से एक है जो विशेष रूप से कोरवा जनजाति जैसे विशेष पिछड़ी जनजातियों के जीवन स्तर को उन्नत बनाने के लिए शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को स्थायी आवास के साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं ताकि वे सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर सकें। सीईओ निर्मलकर ने आगे कहा कि जिले में जनमन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के पीछे कलेक्टर अजित वसंत का विशेष मार्गदर्शन और सक्रियता रही है। उनकी निरंतर निगरानी और संवेदनशील पहल के कारण ऐसे कार्यों में तेजी आई है और लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ शीघ्र पहुँच रहा है। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें भी पक्के घर में रहने का सपना पूरा हुआ है।

0 Comments