श्री कृष्ण कुमार साहू व विश्वनाथ कर्ष बने प्राचार्य, छात्र–छात्राओं व लोगो में हर्ष
कोरबा:- शिक्षा विभाग के विभागीय सम संख्या आदेश दिनांक 30 अप्रैल 2025 के तहत 1335 व्याख्याता (एलबी) एवं प्रधान पाठक को उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्राचार्य पद पर पदोन्नति दी गई है। इसी क्रम में कोरबा जिले के श्री कृष्ण कुमार साहू और रायगढ़ जिले के श्री विश्वनाथ कर्ष को भी प्राचार्य पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।
श्री कृष्ण कुमार साहू बने पूरेनाखार के नए प्राचार्य
श्री कृष्ण कुमार साहू का शैक्षणिक जीवन लंबा और प्रेरणादायी रहा है। वर्ष 1988 से 2009 तक वे पोड़ी में उच्च शिक्षक के रूप में सेवाएं देते रहे। इसके बाद वे सरगबुंदिया में व्याख्याता पद पर पदोन्नत होकर गए। अपनी निष्ठा, सरलता और उत्कृष्ट शिक्षण शैली के कारण उन्होंने अनेक छात्रों को नई दिशा दी। अब उन्हें प्राचार्य बनाकर शासकीय हाई स्कूल पूरेनाखार (कोरबा) भेजा गया है।
श्री विश्वनाथ कर्ष बने तोलमा के नए प्राचार्य
इसी तरह श्री विश्वनाथ कर्ष ने भी शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। वर्ष 1990 से 2005 तक उन्होंने पोड़ी में सहायक शिक्षक के रूप में कार्य किया। इसके बाद प्रधान पाठक पद पर पदोन्नति पाकर वे छुरी शाला में पदस्थ हुए। शिक्षा विभाग ने उनके कार्य और योगदान को देखते हुए उन्हें प्राचार्य बनाकर शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला तोलमा (रायगढ़) भेजा है।
दोनों ही शिक्षकों को उनके विनम्र स्वभाव, अनुशासन और छात्रों के प्रति स्नेह के लिए जाना जाता है। इनके मार्गदर्शन और मेहनत से आज अनेक छात्र–छात्राएँ डॉक्टर, इंजीनियर, पुलिस अधिकारी और अन्य महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे रहे हैं। श्री साहू और श्री कर्ष जैसे शिक्षकों की पदोन्नति केवल उनके परिवार व गांव के लिए गौरव का विषय नहीं है, बल्कि यह शिक्षा जगत के लिए भी प्रेरणास्रोत है। प्राचार्य पद पर पदोन्नति की खबर मिलते ही छात्रों, अभिभावकों और ग्रामीणों में हर्ष की लहर दौड़ गई। लोगों ने दोनों शिक्षकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विश्वास जताया कि वे नई जिम्मेदारी को भी पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे।

0 Comments