कोरबा में 10 फीट लंबा किंग कोबरा का सफल रेस्क्यू, सुरक्षित छोड़ा गया जंगल में
कोरबा/अजगर बहार :- जिले की जैव-विविधता और दुर्लभ वन्यजीवों के बीच अजगरबहार गांव के पास एक रोमांचक नजारा देखने को मिला। सतरेंगा से लौट रहे पर्यटकों की नजर अचानक 10 फीट लंबे किंग कोबरा पर पड़ी। इसकी जानकारी तुरंत वन विभाग और नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी को दी गई।सूचना मिलते ही रेस्क्यूअर जितेंद्र सारथी की टीम मौके पर पहुंची। डीएफओ कुमार निशांत के निर्देश और एसडीओ आशीष खेलवार के मार्गदर्शन में करीब आधे घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद किंग कोबरा को सुरक्षित पकड़ा गया और उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।
रेस्क्यू के दौरान किंग कोबरा बार-बार फुफकार कर लोगों को डराने की कोशिश करता रहा, लेकिन टीम की सतर्कता और अनुभव से पूरा ऑपरेशन सुरक्षित तरीके से पूरा हुआ। इस घटना को देखने बड़ी संख्या में ग्रामीण और पर्यटक मौके पर मौजूद थे। डीएफओ कुमार निशांत ने लोगों से अपील की कि किंग कोबरा जैसे दुर्लभ वन्यजीव पर्यावरण संतुलन के लिए बेहद ज़रूरी हैं। इनसे छेड़छाड़ करना कानूनन अपराध है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह सांप बिना वजह इंसान पर हमला नहीं करता और केवल खतरा महसूस होने पर ही आक्रामक हो जाता है। गौरतलब है कि किंग कोबरा कोरबा जिले की विशेष पहचान है और वन विभाग लगातार इसके संरक्षण और सह-अस्तित्व का संदेश दे रहा है।

0 Comments