संदेहास्पद परिस्थितियों में भाजपा कार्यकर्ता सुनील कुमार टेकाम की मौत, तानाखार अमलीभवना निवासी
तानाखार/कटघोरा: तानाखार के अमलीभवना निवासी सुनील कुमार टेकाम की अचानक और संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गई। सुनील एक एनजीओ में भी कार्यरत थे और भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय सदस्य भी थे। यह घटना बीती रात की है जब वे अपने परिवार के साथ भोजन कर आराम कर रहे थे। रात करीब 3 बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों के अनुसार, सुनील की हरकतें अजीब सी हो गई थीं, मानो उन्होंने किसी नशीले या विषैले पदार्थ का सेवन कर लिया हो। परिजनों ने तुरंत उन्हें कटघोरा अस्पताल पहुंचाया, जहां से स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
डॉक्टरों का अनुमान है कि या तो किसी विषैले पदार्थ का सेवन हुआ या किसी जहरीले जीव ने काटा हो। हालांकि, जबसे उन्हें अस्पताल लाया गया, वे बेहोशी की हालत में ही थे और इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि सुनील नशा या शराब से दूर रहते थे और एक सादा जीवन जीते थे, ऐसे में उनकी अचानक मृत्यु ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।
फिलहाल शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस को परिजनों ने शिकायत दी है और मामले की जांच की मांग की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

0 Comments