छत्तीसगढ़ में युक्तियुक्तकरण के विरोध में उग्र प्रदर्शन, 10 हजार से ज्यादा शिक्षक रायपुर में जुटे
रायपुर:- छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य के 10 हजार से अधिक स्कूलों के युक्तियुक्तकरण (Rationalisation) का आदेश जारी करने के बाद शिक्षकों में भारी आक्रोश देखने को मिला। बुधवार को प्रदेशभर के 23 संगठनों से जुड़े करीब 10 हजार शिक्षक राजधानी रायपुर के तुता में एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन के लिए पहुंचे।
शिक्षकों ने मंत्रालय घेराव का ऐलान किया था, लेकिन पुलिस ने उन्हें बीच रास्ते में ही रोक दिया। इस दौरान शिक्षकों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच जमकर बहस हुई। स्थिति को संभालने के लिए अधिकारियों और शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच वार्ता का दौर चला, जिसमें एक डेलिगेशन को शिक्षा सचिव से मुलाकात के लिए भेजा गया।
प्रदर्शनकारी शिक्षकों का कहना है कि सरकार का यह फैसला जबरन थोपने जैसा है, जिससे सिर्फ 10 हजार से अधिक स्कूल प्रभावित नहीं होंगे, बल्कि 43 हजार से ज्यादा शिक्षकों के पद भी समाप्त हो सकते हैं। शिक्षकों का दावा है कि इससे न केवल उनकी नौकरी खतरे में पड़ेगी, बल्कि छात्रों की पढ़ाई पर भी गंभीर असर पड़ेगा।
शिक्षक संगठनों ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि यह निर्णय वापस नहीं लिया गया तो 15 जून से खुलने वाले स्कूलों का बहिष्कार किया जाएगा और सभी शिक्षक अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे। शिक्षक लीडरों का कहना है कि यह लड़ाई केवल नौकरी की नहीं, बल्कि राज्य के शिक्षा भविष्य की है। सरकार की ओर से फिलहाल कोई अंतिम निर्णय नहीं आया है, लेकिन वार्ता के बाद आने वाले कुछ दिनों में स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

0 Comments