1 मई से शुरू होगी तेंदूपत्ता खरीदी, संग्राहकों की महिलाओं को मिलेगी चरण पादुका
जिले के कटघोरा और कोरबा वन मंडल के तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। इस वर्ष 1 मई से तेंदूपत्ता खरीदी शुरू होने जा रही है, जिसमें 1.29 लाख मानक बोरा तेंदूपत्ता संग्रहण का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, इस बार संग्राहकों के परिवार की महिलाओं को भी चरण पादुका प्रदान की जाएगी, जिससे वे सुरक्षित और आरामदायक तरीके से तेंदूपत्ता संग्रहण कर सकेंगी
तेंदूपत्ता संग्रहण में काम करने वाली महिलाओं को पहले भी चरण पादुका (जूते-चप्पल) दी जाती थी, लेकिन वर्ष 2018 के बाद यह योजना बंद हो गई थी। अब एक बार फिर से शासन ने इस योजना को बहाल कर दिया है। कटघोरा और कोरबा वन मंडल ने चरण पादुका के लिए शासन को मांग पत्र भेजा था, जिसे स्वीकृति मिल गई है। अप्रैल महीने में चरण पादुका का वितरण किया जाएगा, जिससे संग्रहण कार्य में लगी महिलाओं को राहत मिलेगी। तेंदूपत्ता उत्पादन को बेहतर बनाने के लिए वन विभाग ने समय रहते शाखकर्तन का काम पूरा कर लिया है। इससे इस साल तेंदूपत्ता की गुणवत्ता और उत्पादन में बढ़ोतरी की उम्मीद है। वन विभाग और जिला प्रशासन ने सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है, जिससे तेंदूपत्ता संग्राहकों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
1 मई से फड़ों में होगी खरीदी, जिसमे 1 लाख से ज्यादा संग्राहक परिवार होंगे लाभान्वित
तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए 1 मई से फड़ों में खरीदी शुरू की जाएगी। इसके लिए कटघोरा और कोरबा वन मंडल में खरीद केंद्र (फड़) स्थापित किए जाएंगे, जहां संग्राहक अपने तेंदूपत्ते जमा कर सकेंगे। वन विभाग ने संग्राहकों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की है, ताकि उन्हें तेंदूपत्ता बेचने के बाद तुरंत भुगतान मिल सके। इस योजना से कटघोरा और कोरबा वन मंडल के लगभग 1 लाख तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। इन परिवारों की महिलाओं को चरण पादुका वितरण के साथ-साथ अन्य सुविधाएं भी दी जा सकती हैं। शासन की इस पहल से आदिवासी और ग्रामीण परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में मदद मिलेगी।

0 Comments