कृषि महाविद्यालय कटघोरा में नवप्रवेशित छात्रों का सात दिवसीय दीक्षारंभ संपन्न, रावे अभिमुखीकरण कार्यक्रम का हुआ आगाज़.
महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. राजेश कुमार साहू ने बताया कि दीक्षारंभ कार्यक्रम के माध्यम से नवप्रवेशित विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी मिलती है। साथ ही, विद्यार्थियों को अपने भविष्य की दिशा एवं संभावनाओं को समझने में सहायता मिलती है। इस तरह के कार्यक्रम छात्रों को कृषि शिक्षा के व्यावहारिक पक्ष से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
ग्राम भांवर में रावे कार्यक्रम के लिए हुआ चयन
इसी क्रम में कृषि महाविद्यालय के बीएससी कृषि चतुर्थ वर्ष में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव (रावे) कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके लिए पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत भांवर का चयन किया गया है। चतुर्थ वर्ष के विद्यार्थियों के लिए सात दिवसीय रावे अभिमुखीकरण कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के अधिष्ठाता द्वारा की गई।
अभिमुखीकरण कार्यक्रम के दौरान प्रतिदिन विषय विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों को ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी जा रही है। छात्रों को ग्रामीण परिवेश में ग्रामवासियों के साथ समन्वय स्थापित करने, किसानों के साथ संवाद करने तथा विगत तीन वर्षों में अर्जित सैद्धांतिक ज्ञान का व्यावहारिक रूप से उपयोग करने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है।
रावे कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को किसानों के बीच जाकर कृषि की वास्तविक परिस्थितियों को समझने, ग्रामीण समुदाय के साथ सीखने तथा कृषि संबंधी ज्ञान को व्यवहार में लागू करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में कृषि महाविद्यालय के समस्त स्टाफ की सहभागिता रही।




0 Comments