पोड़ी उपरोड़ा में रजत जयंती वर्ष पर पशुधन विकास विभाग ने की योजनाओं का वितरण उन्नत नस्ल के सांड व बकरों से होगा नस्ल सुधार
पोड़ी उपरोड़ा :- पोड़ी उपरोड़ा में रजत जयंती वर्ष 2025 के उपलक्ष्य में पशुधन विकास विभाग द्वारा व्यक्तिमूलक योजनाओं का वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर नस्ल सुधार कार्यक्रम के तहत किसानों को उन्नत नस्ल के नर बकरे और सांड वितरित किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह एवं पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम थे। विशिष्ट अतिथियों में जनपद अध्यक्ष माधुरी देवी तवर, सरपंच संघ अध्यक्ष प्रताप मराबी, विधायक प्रतिनिधि कुलदीप मराबी, सभापति भरत सिंह सिदार, जनपद सदस्य पवन सिंह पोया एवं जिला पंचायत सदस्य कौशल नेटी उपस्थित रहे। इस अवसर पर पोड़ी उपरोड़ा, कटघोरा और पाली ब्लॉक के लगभग 14 किसानों को पशुधन प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन उप संचालक पशु चिकित्सा सेवा डॉ. मयंक गोस्वामी के नेतृत्व में किया गया। उनके साथ डॉ. एच.के. सोनी, डॉ. यू.के. तवर, डॉ. अजय कुमार सिंह, डॉ. मोहन सेंडे एवं पोड़ी उपरोड़ा पशुधन विकास विभाग का पूरा स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम के दौरान बकरे वितरण के लिए लॉटरी सिस्टम अपनाया गया। इसमें दो डब्बे रखे गए एक में बकरे के नंबर और दूसरे में किसानों के नाम की पर्चियाँ। दोनों डब्बों से एक-एक पर्ची निकालकर संबंधित किसान को बकरा सौंपा गया। बताया गया कि किसानों ने सुशासन तिहार के दौरान आवेदन किया था, जिसके आधार पर यह वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ पवन व विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम ने अपने उद्बोधन में कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं, सरकार किसानों के हित में अनेक योजनाएँ चला रही है। विभाग यदि जवाबदेही के साथ इन योजनाओं को किसानों तक पहुँचाए तो निश्चित ही इसका लाभ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित किसानों को बधाई देते हुए योजना के सफल क्रियान्वयन की शुभकामनाओं के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

0 Comments