जिला पंचायत में समान्य सभा की बैठक, पोड़ी उपरोड़ा अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ की मांग : विद्वान सिंह मरकाम ( गोगपा )
जिला पंचायत कोरबा की सामान्य सभा की बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य एवं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिलाध्यक्ष विद्वान सिंह मरकाम ने अपने जनपद क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। मरकाम ने कहा कि हाथी प्रभावित क्षेत्र ग्राम पंचायत तनेरा और सरमा में लगातार बिजली व्यवस्था बाधित रहती है। उन्होंने तत्काल बिजली केबल सुधार कार्य शुरू करने, वन विभाग से सड़क निर्माण कराने और ग्रामीणों की सुरक्षा हेतु सोलर हाईमास्ट स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की। शिक्षा क्षेत्र की खामियों को सामने रखते हुए उन्होंने आत्मानंद इंग्लिश मीडियम हाई स्कूल कोरबी में शिक्षकों और चपरासी की भर्ती, हाई स्कूल जल्के में चपरासी नियुक्ति तथा संकुल केंद्र सिमगा के अधिकांश स्कूलों में छात्र-छात्राओं के लिए शौचालय निर्माण की आवश्यकता जताई। इसके साथ ही गुरसिया तान नदी पर पुल का निर्माण शीघ्र पूरा करने और कटघोरा-कोरबा मुख्य मार्ग की खराब स्थिति सुधारने पर जोर दिया।
विशेष रूप से स्वास्थ्य सेवाओं की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए मरकाम ने बताया कि छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा ब्लॉक पोड़ी उपरोड़ा होने के बावजूद यहां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्त्री रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति अब तक नहीं हो पाई है। इसकी वजह से महिलाओं, खासकर गर्भवती महिलाओं को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ता है और मामूली दिक्कतों पर भी उन्हें रेफर करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यह बड़ी विडंबना है कि इतने बड़े अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टर और पर्याप्त स्वास्थ्य कर्मचारी नहीं हैं।
मरकाम की मांगों और समस्याओं को जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, जिला पंचायत सीईओ सहित मौजूद अधिकारियों ने गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि जल्द ही इनका समाधान किया जाएगा।

0 Comments