बांगो थाना पुलिस का ग्रामीणों से सतत संवाद : सुशासन तिहार व सजग कोरबा के अंतर्गत चलाया गया जागरूकता अभियान
कोरबा जिले के बांगो थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश वर्मा एवं उनकी टीम द्वारा इन दिनों क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों में जाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया जा रहा है। सुशासन तिहार के मद्देनजर पुलिस टीम ने गुरसिया, बंजारी एवं बांगो ग्राम पंचायतों का दौरा किया, जहाँ ग्रामीणों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली गई और समाधान के लिए आवश्यक आश्वासन भी दिए गए।
ग्रामीणों में पुलिस के प्रति विश्वास निर्माण पर जोर, साइबर ठगी से बचाव के लिए चेताया
थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा ने ग्रामीणों से बातचीत करते हुए बताया कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास की डोर को और मजबूत करना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। इसी दिशा में बांगो पुलिस द्वारा सजग कोरबा अभियान के तहत ठगी, नशा, साइबर क्राइम जैसे विषयों पर विशेष रूप से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहा है, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में ठग अलग-अलग बहानों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। इसलिए लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। किसी भी अनजान कॉल या लिंक पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने की सलाह दी गई।
कच्ची शराब की समस्या पर चिंता जताई, बच्चों को अच्छे संस्कार देने की अपील
थाना प्रभारी ने ग्रामों में बढ़ती कच्ची महुआ शराब की बिक्री को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में अब अन्य समाज के लोग भी शराब निर्माण में संलग्न हो रहे हैं, जिससे समाज में विशेषकर युवाओं और बच्चों पर बुरा असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि समाज की रक्षा सिर्फ पुलिस का काम नहीं है, ग्रामीणों की भी जिम्मेदारी बनती है कि वे ऐसे अवैध कार्यों पर रोक लगाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। निरीक्षक वर्मा ने उपस्थित ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को अच्छे संस्कार दें, उन्हें प्रेमपूर्वक स्कूल भेजें ताकि वे गलत संगति से दूर रहें और भविष्य में समाज के मजबूत स्तम्भ बन सकें।
पुलिस टीम रही मौजूद, जनता से जुड़ाव जारी रहेगा
इस जनसंवाद एवं जागरूकता अभियान में थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा के साथ प्रधान आरक्षक 215 ओमप्रकाश डिकसेना, आरक्षक 760 अशोक खरे, आरक्षक 651 गजेन्द्र पाल सिंह एवं आरक्षक 50 अनिल पोर्ते भी उपस्थित रहे। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि पुलिस और जनता के बीच का यह संवाद आगे भी निरंतर जारी रहेगा। बांगो पुलिस हमेशा ग्रामीणों के साथ खड़ी रहेगी ताकि एक सुरक्षित, जागरूक और संगठित समाज का निर्माण हो सके।


0 Comments