पुल निर्माण के लिए काटे जा रहे हरे-भरे पेड़, सेटरिंग लगाया जा रहा, ग्रामीणों में रोष, मोरगा रेंज कार्यालय पहुचे ग्रामीण।
केंदाई रेंज के पतुरिया डांड़ में वन विभाग द्वारा पुल निर्माण कार्य जारी है, लेकिन इस निर्माण के लिए हरे-भरे पेड़ों की कटाई की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि कटे हुए पेड़ों का उपयोग पुल निर्माण में सेटरिंग के रूप में किया जा रहा है। इस अवैध कटाई को लेकर पहले भी ग्रामीणों ने शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन वन विभाग ने इसे गंभीरता से नहीं लिया और शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है
ग्रामीणों ने वन परिक्षेत्र अधिकारी को इस मामले मे पेड़ कटाई को रोक लगाने की मांग की थी, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जब आज शनिवार को ग्रामीण पुनः रेंज कार्यालय मोरगा पहुँचे, तो उन्हें अधिकारी नहीं मिले वही उन्हें किसी अन्य दिन आने की बात कहकर लौटा दिया गया।
वन विभाग ने किया कटाई से इनकार, कटाई पर ग्रामीणों ने की रोक लगाने की माँग
इस मामले पर जब रेंजर से बात की गई तो उन्होंने पेड़ों के ठुठ उपयोग की बात से इनकार किया। उन्होंने कहा कि पुल निर्माण में केवल सेटरिंग सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, न कि पेड़ों के ठूंठ। हालांकि, ग्रामीण इस दावे को झूठा बताते हुए निष्पक्ष जांच की माँग कर रहे हैं। वन विभाग जहाँ एक ओर पुल निर्माण कर रहा है, वहीं दूसरी ओर जंगलों में अवैध कटाई भी जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग को इस कटाई को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। पेड़ों की हो रही अंधाधुंध कटाई से पर्यावरण को नुकसान हो रहा है और वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास भी प्रभावित हो रहा है।
इस मामले में वन विभाग की भूमिका संदेह के घेरे में है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि इस अवैध कटाई की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।



0 Comments