Hot Posts

6/recent/ticker-posts

Ad Code

Responsive Advertisement

एसईसीएल चिरमिरी क्षेत्र में मजदूरों का बड़ा आंदोलन, 30 सितंबर से उत्पादन-परिवहन ठप करने की चेतावनी

एसईसीएल चिरमिरी क्षेत्र में मजदूरों का बड़ा आंदोलन, 30 सितंबर से उत्पादन-परिवहन ठप करने की चेतावनी

रानीअटारी:- एसईसीएल चिरमिरी क्षेत्र में संचालित भूमिगत खदानों में ठेकेदारों की मनमानी और मजदूरों के शोषण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। मजदूरों ने आरोप लगाया है कि ठेकेदार शासन के निर्धारित मानकों के अनुसार मजदूरी का भुगतान नहीं कर रहे हैं। वहीं, स्थानीय मजदूरों को हटाकर बाहर के श्रमिकों से काम लिया जा रहा है। इसी के विरोध में मजदूर पिछले एक सप्ताह से कार्य बहिष्कार पर हैं। मजदूरों ने बताया कि जेएमएस कंपनी के लेबर सप्लाई ठेकेदार परमानंद कुमार मजदूरों की मजदूरी का बड़ा हिस्सा बैंक खाते से निकलवाकर वापस ले लेते हैं। मजदूरों पर दबाव बनाकर ट्रांसफर करने तक की धमकी दी जाती है। कई मजदूरों को परेशान कर दूसरे राज्यों की खदानों में भेजा गया है। मजदूर संगठनों ने मांग की है कि ऐसे ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट किया जाए।

न्यूनतम मजदूरी से भी कम भुगतान, स्थानीय समस्याओं को लेकर भी नाराजगी 

 एसईसीएल प्रबंधन की बिलिंग दर 1285 रुपये प्रतिदिन होने के बावजूद मजदूरों को 500 से 600 रुपये ही दिया जा रहा है। वहीं, कैंटीन और अन्य सहायक सेवाओं में लगे कुक, वेटर, ड्राइवर, स्वीपर को भी निर्धारित वेतन से लगभग आधा ही भुगतान किया जा रहा है। जनप्रतिनिधियों और मजदूर संघ ने ज्ञापन में खदान क्षेत्र से जुड़ी कई गंभीर समस्याएं उठाईं:- खदान डोपलेरिंग से बनी दरारों में पंडो बस्ती की 4 से 5 गाय गिरकर मर चुकीं, लेकिन क्षतिपूर्ति अब तक नहीं दी गई। रानीअटारी से सिरीं मार्ग पर रात 12 से 3 बजे तक भारी वाहनों से अवैध कोयला परिवहन किया जा रहा है। प्रभावित गांवों में पेयजल संकट गंभीर है।

जनप्रतिनिधियों का चेतावनी 

इस मुद्दे पर सरपंच संघ के अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य प्रताप मराबी, जनपद सदस्य संतोष मरावी, ग्राम पंचायत अडसरा एवं लाद के सरपंच समेत जनप्रतिनिधियों ने एसडीएम तुलाराम भरद्वाज को ज्ञापन सौंपा। मजदूरों ने चेतावनी दी है कि अगर 4 दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो 30 सितंबर, मंगलवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी, जिससे उत्पादन और परिवहन पूरी तरह बंद हो जाएगा। एसडीएम ने मजदूरों और जनप्रतिनिधियों को आश्वासन दिया है कि शीघ्र ही इस मामले का समाधान कराया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments

Ad Code

Responsive Advertisement