पचरा में चार वर्षों से हो रही माता रानी की भव्य स्थापना, नवरात्रि पर्व पर रहता है श्रद्धा और भक्ति का माहौल
पचरा :- आदिवासी बाहुल्य पचरा क्षेत्र इस वर्ष भी नवरात्रि पर्व के अवसर पर भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है। पूरे देशभर की तरह यहां भी माता रानी के आगमन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नवरात्रि के पावन अवसर पर आज से नवदुर्गा की स्थापना की जाएगी। ग्रामीणों के उत्साह और श्रद्धा से यह क्षेत्र इन दिनों धार्मिक रंग में रंगा हुआ है।पचरा में माता रानी की स्थापना का यह सिलसिला पिछले चार वर्षों से लगातार जारी है। यहां देवी की पूजा-अर्चना अत्यंत श्रद्धा और भक्ति भाव से की जाती है। चाहे चैत्र नवरात्रि हो या शारदीय नवरात्रि, दोनों ही पर्व पर पचरा गांव में विशेष धूमधाम देखी जाती है। ग्रामीण परिवारजन अपने-अपने स्तर पर देवी की आराधना करते हैं और सामूहिक आयोजन से पूरा वातावरण भक्तिरस से सराबोर हो जाता है।
स्थापना समिति के सदस्य वीरेंद्र मारकाम और नकुल नायक ने बताया कि नवरात्रि के नौ दिनों तक यहां धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सांस्कृतिक और भक्ति से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं। इसमें बच्चों की नृत्य प्रतियोगिता, भजन मंडली प्रतियोगिता और विभिन्न भक्ति कार्यक्रम शामिल रहते हैं। इन आयोजनों में ग्रामीणों सहित आस-पास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर वातावरण को उत्सवमय बना देते हैं।
नवरात्रि के समापन पर विजया दशमी के दिन विशेष जगराता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। समिति के सदस्यों का कहना है कि इस अवसर पर पूरा ग्राम भक्ति के रंग में रंग जाता है और माता रानी की भक्ति से वातावरण गूंज उठता है।समिति ने ग्रामीणों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे माता रानी के दर्शन के लिए पचरा अवश्य पधारें और मां दुर्गा की कृपा प्राप्त करें।

0 Comments