ktg news : कटघोरा नगर पालिका क्षेत्र में दो दिनों से पानी सप्लाई ठप्प, वार्डवासियों की बढ़ी परेशानी
कोरबा/कटघोरा, 17 अगस्त 2026 : कटघोरा नगर पालिका क्षेत्र में पिछले दो दिनों से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप्प होने से नगरवासियों की परेशानी बढ़ गई है। बारिश के मौसम में भी लोगों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। पानी की नियमित आपूर्ति नहीं होने से नगर के विभिन्न वार्डों में लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, आमाखोखरा स्थित पंप हाउस का पैनल खराब हो जाने के कारण नगर में पानी की सप्लाई प्रभावित हुई है। बताया जा रहा है कि पंप हाउस से पानी की आपूर्ति व्यवस्था बाधित होने के बाद पिछले दो दिनों से कई वार्डों में नलों से पानी नहीं आ रहा है। इसके चलते लोगों को घरेलू उपयोग के साथ-साथ पीने के पानी की व्यवस्था करने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पहले भी मोटर खराब होने से प्रभावित हुई थी आपूर्ति
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले भी मोटर जल जाने के कारण कटघोरा नगर में कई दिनों तक पेयजल आपूर्ति बाधित रही थी। उस दौरान भी लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था। अब एक बार फिर पंप हाउस का पैनल खराब होने से पानी की सप्लाई बंद हो गई है। लगातार सामने आ रही तकनीकी खराबियों को लेकर नगरवासियों में व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
अतिरिक्त मोटर और पैनल की व्यवस्था की मांग
वार्डवासियों का कहना है कि नगर पालिका परिषद की जिम्मेदारी पूरे नगर में नियमित और सुचारु रूप से पेयजल उपलब्ध कराना है। ऐसे में पंप हाउस में अतिरिक्त मोटर और पैनल की व्यवस्था क्यों नहीं रखी जा रही है, जिससे मुख्य उपकरण खराब होने की स्थिति में तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था शुरू की जा सके। लोगों का कहना है कि पानी लोगों की सबसे बुनियादी जरूरतों में शामिल है। इसके बावजूद बार-बार मोटर, पैनल या अन्य तकनीकी खराबियों के कारण सप्लाई बाधित होना गंभीर चिंता का विषय है। बारिश के मौसम में जब जलस्रोतों में पर्याप्त पानी उपलब्ध है, तब नगरवासियों को पेयजल के लिए परेशान होना व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
जल्द समाधान की उम्मीद
पानी की समस्या को लेकर वार्डवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से पंप हाउस की खराबी को जल्द से जल्द दूर कर पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। साथ ही भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए पंप हाउस में आवश्यक उपकरणों के अतिरिक्त स्टॉक और वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की गई है। अब देखना होगा कि नगर पालिका परिषद आमाखोखरा पंप हाउस के खराब पैनल को कितनी जल्दी दुरुस्त कराकर नगर में पेयजल आपूर्ति बहाल करती है। फिलहाल दो दिनों से पानी की सप्लाई बंद होने के कारण कटघोरा के लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।

0 Comments