मोरगा मे ट्रक की चपेट में आए दो युवक, एक की मौत, एक गंभीर घायल: दोनों छाता पखना निवासी
कोरबा/मोरगा :- मोरगा थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मोरगा पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम छाता पखना निवासी गैत लाल मँझवार (पिता समय लाल, उम्र 26 वर्ष) एवं उसका रिश्ते का भाई शंकर मँझवार (पिता शुक्लाल, उम्र 25 वर्ष) मोरगा गए हुए थे। मोरगा गैत लाल का ससुराल है, वापसी के दौरान दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी बीच शाम करीब 4 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में शंकर मँझवार की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं गैत लाल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका हाथ टूट गया है। स्थानीय व एम्बुलेंस की मदद से घायल युवक को तत्काल पोड़ी उपरोड़ा अस्पताल पहुंचाया गया, प्राथमिक उपचार कर युवक को कटघोरा CHC रिफर किया गया। वहीं, घटना की सूचना पर मोरगा पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्यवाही कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में मोरगा चौकी प्रभारी मंगतू राम मरकाम ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने ट्रक का सुराग लगभग लगा लिया है और जल्द ही चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गौरतलब है कि मृतक शंकर मँझवार और घायल गैत लाल आपस में रिश्ते में भाई हैं। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।

0 Comments